फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पताई जलाने को लगाई आग में ही जिंदा जला बुजुर्ग किसान

विज्ञापन
विज्ञापन
बीसलपुर (पीलीभीत)। खेत पर गन्ने की पताई जलाने गए बुजुर्ग किसान की अपनी ही लगाई गई आग में घिरकर खेत मे मौत हो गई। पताई की आग चारों तरफ खेत मे फैल गई और किसान जिंदा जल गया। आग की लपटें देख पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाई तो बुजुर्ग किसान का झुलसा शव पड़ा मिला। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दियोरियाकलां कोतवाली के गांव दियोहना के रहने वाले 70 वर्षीय ढाकनलाल खेती करते थे। कुछ दिन पहले उनके खेत से गन्ने की फसल काटी गई थी। इसके बाद से खेत खाली था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वृद्ध ढाकनलाल खेत पर पताई जलाने के लिए पहुँचे। पताई में आग लगाकर खेत से बाहर आ पाते इससे पहले ही आग भीषण हो गयी। तेज हवा की वजह से कुछ ही क्षण में आग खेत के चारों ओर फैल गई। इससे ढाकनलाल आग की लपटों के बीच फंस गए। बचने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग भीषण रूप ले चुकी थी। सारी कोशिशें असफल रहीं। खेत पर आग की लपटें देखकर काफी ग्रामीण इकठ्ठा हुए। आग बुझाते हुए खेत के भीतर की तरफ पहुंचे तो बुजुर्ग किसान ढाकनलाल का शव झुलसी हालत में पड़ा था। बुजुर्ग के परिवार वाले भी आ गए। प्रधान धनदेवी ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे से गांव में हड़कंप मचा रहा। मृतक के दो बेटे गिरधारीलाल, श्यामलाल और दो बेटी सुनीता, रामकली सभी विवाहित हैं। हादसे की सूचना मिलने पर दियोरियाकलां पुलिस को भेजा गया है। पूरे मामले की जानकारी कराई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। - लल्लन सिंह, सीओ बीसलपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें