गांव गौहनिया में झोपड़ी में लगी आग । स्रोत - सोशल मीडिया
बिलसंडा। झोंपड़ी में आग लगने से वृद्ध महिला की जलकर मौत हो गई। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया लेकिन सफल नहीं हो सके। बाद में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
गौहनिया गांव की देवकी देवी (95) गांव के बाहर झोंपड़ी डालकर रह रही थीं। पास में ही उनके बेटे विजय पाल की झोंपड़ी है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे देवकी की झोंपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख विजयपाल ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल हो गई कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इधर, देवकी आग की लपटों में घिर गईं।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक देवकी की जलकर मौत हो चुकी थी। ग्राम प्रधान के पति विनोद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरा, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए परिजनों के मना करने पर शव उन्हें शव सौंप दिया गया।