गांव तिलसंडा में आग लगने के बाद जांच करते लेखपाल । स्रोत - प्रशासन
घुंघचाई। संदिग्ध परिस्थितियों में घर में आग लग गई। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया तब तक दो बाइक व सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव पुन्नापुर टांडा निवासी ओम प्रकाश का खपरैलपोश घर है। देर शाम आई आंधी और बूंदाबांदी के बाद आधी रात में वह परिवार के साथ सो रहा था। उसकी बाइकें और मवेशी बंधे हुए थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की तेज लपटें देख परिवार में खलबली मच गई। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपड़ोस के लोग जाग गए। बड़ी संख्या में लोग अपने निजी संसाधनों से आग बुझाने के लिए मौके पर दौड़ पड़े।
पहले तो आग में घिरे मवेशियों को रस्सी काट कर उन्हें बाहर निकाला गया। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया तब तक आग में दो बाइकें व हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित के अनुसार उसका करीब एक लाख रुपये का नुकसान हो गया है। पीड़ित ने तहसील प्रशासन को सूचना देकर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है
फोटो::
छप्पर में लगी आग, तीन बकरियां मरीं
बिलसंडा। थाना करेली क्षेत्र के गांव तिलसंडा में बुधवार की रात चिंगारी लगने से छप्पर में आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से घरेलू सामान और तीन बकरियां जलकर मर गईं।
गांव तिलसंडा में बुधवार की रात तेज हवा चलने के बाद गांव के ही राजेन्द्र यादव के छप्पर में आग लग गई । कुछ ही देर में छप्पर धू-धू कर जलने लगा। आग लगने से उसमें रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया और तीन बकरियां भी जलकर मर गईं।
लेखपाल सुखपाल ने बताया की नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट भेज दी गई है। संवाद