देवहा नदी में खनन को लेकर भिड़ गए दो पक्ष
दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज, तीन गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मोहल्ला देवहा नदी में अवैध खनन को लेकर मंगलवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और हवाई फायरिंग हुई। मारपीट में दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाली में दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
देवहा नदी से लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है। यहां से लोग डनलप, ई रिक्शा, तांगा आदि में नदी से रेता निकालकर ले जाते हैं। खनन को लेकर आए दिन विवाद होता रहता है। पूर्व में भी खनन को लेकर कई बार मारपीट हो चुकी है।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे मोहल्ला बेनी चौधरी में देवहा नदी के किनारे से रेत निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के फायरिंग भी हुई। सूचना पर इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस फोर्स को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया। असगर ने जुम्मा उर्फ यूनुस,भूरा उर्फ युसूफ, साबिर, अतीक व पांच अन्य के खिलाफ तहरीर दी।
दूसरे पक्ष की ओर से मोहल्ला बेनी चौधरी निवासी यूनुस उर्फ जुम्मा तसव्वर, अकबर व चार अन्य के खिलाफ तहरीर दी गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।