गांव मोहम्मदपुर में लगे स्वास्थ शिविर में पहुंची भीड़ । संवाद
पूरनपुर। सीएचसी में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ऩे लगी है। शुक्रवार को सीएचसी पहुंचे मरीजों में 48 मरीजों की मलेरिया और चार की डेंगू बुखार की जांच कराई गई। शिक्षामित्र की मौत के बाद गांव मुहब्बतपुर में शिविर लगाया गया। इसमें भी अधिकांश बुखार के मरीज मिले। शिविर में 72 मरीजों की मलेरिया और दो की डेंगू की जांच कराई गई।
सीएचसी में शुक्रवार को 800 से अधिक मरीज पहुंचे। अधिकांश मरीज बुखार के थे। इनमें से 40 मरीजों की मलेरिया और चार मरीजों की डेंगू बुखार की जांच कराई गई। घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव मोहब्बतपुर में बुधवार को शिक्षामित्र रमेश की बुखार से मौत और उसकी पत्नी की हालत खराब होने पर बृहस्पतिवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया गया। शिविर में 180 मरीज दवाई लेने पहुंचे। 72 बुखार से पीडि़त मरीजों की मलेरिया और दो की डेंगू बुखार होने की आशंका पर जांच कराई गई। हालांकि मलेरिया और डेंगू के मरीज नहीं मिले। शिविर में चीफ फार्मेसिस्ट सुशांत हलधर, समीर खां, आरिफ अली, सौरभ मौजूद रहे।