हादसे में पिता और दो मासूम बेटियों की मौत
बिलसंडा-पुवायां रोड पर चपरौआ गांव के पास बेकाबू ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार 30 वर्षीय युवक और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। बिलसंडा थाना क्षेत्र के मीरपुर ढकरिया गांव निवासी अनिल कुमार सिंह मजदूरी करते थे। मंगलवार शाम वह अपने साढू पदम सिंह की बहन अनीता देवी की शादी में शामिल होने के लिए पुवायां (शाहजहांपुर) जा रहे थे। बाइक पर उनकी पत्नी सीमा देवी व दो पुत्रियां छह वर्षीय शीतल व तीन वर्षीय ज्योति भी थीं। पुवायां रोड पर चपरौआ गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। बाइक पहियों के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गई। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद भीड़ जुटती देख चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। राहगीरों से सूचना मिलने पर एसओ बिलसंडा विवेक त्रिवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी भेजा जहां अनिल व दोनों पुत्रियां शीतल व ज्योति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर सीमा देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। एसओ विवेक त्रिवेदी ने बताया कि ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है। मौके से मिला एक मोबाइल फोन भी ट्रक चालक का बताया जा रहा है।