करीब एक घंटे तक हंगामे के बाद एडीएम को दिया ज्ञापन
कलक्ट्रेट में कई ट्रैक्टर पहुंचने से लगा जाम, पुलिस से नोकझोंक
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। किसान आंदोलन के समर्थन में भाकियू टिकैत गुट के किसानों ने मंडी समिति से कलक्ट्रेट तक ट्रैक्टर मार्च निकाला। कलक्ट्रेट पहुंचे किसान डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा। बाद में किसानों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा। कलक्ट्रेट परिसर में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर पुलिस से भी किसानों की नोकझोंक हुई। उधर पूरनपुर में भी किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली।
न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी व अन्य मांगों को लेकर किसान शंभू बाॅर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों के आंदोलन के समर्थन में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता मंडी समिति में एकत्र हुए। यहां से ट्रैक्टर मार्च निकाला गया।
ट्रैक्टर रैली को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। मंडी समिति से ही कई थानों की पुलिस किसानों के साथ रही। रैली में शामिल लोग जब टनकपुर हाईवे से कलक्ट्रेट पहुंचे तो पुलिस ने उनको रोक लिया। डीएम कार्यालय तक मात्र एक ट्रैक्टर ले जाने की बात कही।
इस पर किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। आखिरकार सभी वाहन अंदर पहुंच गए। डीएम कार्यालय के बाहर संगठन के लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। किसान, डीएम को बुलाने की मांग करने लगे। इसको लेकर करीब एक घंटे तक हंगमा चलता रहा। बाद में एडीएम ऋतु पूनिया को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, नेमचंद्र वर्मा, मुश्ताक, धर्मेंद्र गुप्ता, रंगीले खान, नानक सिंह सहित कई लगोग मौजूद रहे।
-
यह है किसानों की प्रमुख मांगे
ज्ञापन में भाकियू ने एमएसपी गारंटी कानून बनाने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, पराली जलाने पर लगी रोक को हटाए जाने, किसानों के 10 साल पुराने ट्रैक्टर को एनजीटी से बाहर रखने, किसानों का कर्ज माफ करने समेत 11 मांगों को शामिल किया है।
-
पूरनपुर में बंडा चौराहे से भी निकाला ट्रैक्टर-मार्च
पूरनपुर । भाकियू (टिकैत) के कार्यकर्ता असम हाईवे के बंडा चौराहे पर एकत्र हुए। यहां से ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए जिला मुख्यालय की ओर चले गए। इसके बाद भाकियू (अन्नदाता), भाकियू (स्वराज), भाकियू (लोकशक्ति), भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने असम हाईवे के खुटार चौराहे से ट्रैक्टर मार्च निकाला।
असम हाईवे के बंडा चौराहा, बंडा रोड, कायस्थान, पीलीभीत रोड, माधोटांडा रेलवे क्राॅसिंग, माधोटांडा रोड, स्टेशन चौराहा, स्टेशन रोड होते हुए ट्रैक्टर मार्च तहसील परिसर पहुंचा। किसानों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला को सौंपा। ट्रैक्टर मार्च में अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेश सचिव बलजिंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, रंजीत सिंह, भाकपा माले के देवीदयाल, भाकियू स्वराज के मंडल अध्यक्ष सुखजीत सिंह औलख, परमजीत सिंह आदि शामिल रहे। संवाद