किसानों ने घटतौली का आरोप लगाते हुए बैरा गन्ना क्रय केंद्र पर जमकर हंगामा किया। इसकी जानकारी मिलने पर पहुंचे समिति सचिव ने तौल बंद कराकर किसानों को बातचीत कर शांत कराया। क्षेत्र के बैरा गांव के गन्ना क्रय केंद्र पहुंचे किसानों ने मंगलवार सुबह कर्मचारियों पर घटतौली का आरोप लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। तौल बंद कराने की मांग करने के बाद भी केंद्र प्रभारी राजेश कुमार द्वारा गन्ने की तौल करने पर किसान भड़क गए और नारेबाजी करने लगे। इसकी शिकायत एसडीएम बीपी सिंह से की गई। जिस पर सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव जितेंद्र कुमार, किसान सहकारी चीनी मिल के सीसीओ सेवकराम सिंह मौके पर पहुंच गए। तौल बंद कराकर किसानों से बातचीत कर उनकी शिकायत को सुना। साथ ही जांच कर कठेार कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। सचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पता चला है कि केंद्र के इलैक्ट्रानिक कांटे की बैटरी लो हो जाने के कारण स्क्रीन पर सही तौल नहीं दर्शा रही थी। इसकी गंभीरता से जांच की जाएगी।