बार नवादा जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ की छात्रा अंजलि ने बढ़ाया जिले का मान
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। सदर तहसील के गांव बार नवादा की अंजलि ने बैडमिंटन की एकल स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। प्रयागराज में 26 फरवरी को उत्तर प्रदेश युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में हुई खेलकूद प्रतियोगिता में अंजलि ने प्रतिभाग किया और अव्वल रहीं।
बार नवादा गांव में रहने वाली अंजलि गांव के ही जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ की छात्रा हैं। अंजलि के पिता किसान हैं। वह खेती के साथ-साथ अपने बच्चों की पढ़ाई पर बहुत ध्यान देते हैं। अंजलि को बैडमिंटन का अभ्यास उनके शिक्षक और कोच अतुल गंगवार ने कराया।
ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक व्यायाम शिक्षक केके सिंह की देखरेख में अंजलि ने तैयारी की। अंजलि दो बहन और एक भाई हैं। अंजलि ने बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा की बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाया। अंजलि के स्वर्ण पदक जीतने पर बीएसए अमित कुमार सिंह, शिक्षक प्रखर मिश्रा ने उन्हें और उनके कोच को बधाई दी। उज्जवल भविष्य की कामना की।