Farmer went on farm mysteriously missing
- फोटो : Farmer went on farm mysteriously missing
खेत पर निराई करने गया युवक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। उसकी चप्पलें और अन्य सामान खेत पर मिलने से परिवारीजनों को अनहोनी का डर सता रहा है। पत्नी से मिली तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गजरौला थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव निवासी भूपराम (25) पुत्र चुन्नीलाल खेती करते हैं। मंगलवार सुबह आठ बजे वह खेत पर निराई करने गया था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। देर शाम तक युवक के घर न आने पर परिवार वाले चिंतित हो गए। ग्रामीणों के साथ खेत पर पहुंचे तो युवक की चप्पलें, साइकिल और दरांती वहीं पर पड़ी मिल गई। आसपास के खेतों में तलाश किया, लेकिन कहीं कोई पता नहीं लग सका। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस और जरा चौकी इंचार्ज रनजीत सिंह मौके पर पहुुंचे और जानकारी की। बुधवार सुबह परिवारीजनों के बाघ के हमले की आशंका जताने पर पुलिस ने वन विभाग को सूचना देकर बुला लिया। इस पर वन विभाग के गढ़ा रेंज के दरोगा वजीर हसन मौके पर आए और काफी दूर तक पुलिस के साथ मिलकर खोज की, लेकिन न तो कहीं युवक मिला और ना ही बाघ के होने का साक्ष्य। इसके बाद परिवारीजनों ने भी बाघ के हमले की बात को हटाकर पांच दिन पहले हुए विवाद को बताना शुरू कर दिया। लापता युवक की पत्नी चंद्रवती ने इसकी तहरीर पुलिस को दी। जिसमें बताया कि पांच दिन पहले उसकी पति से अनबन हो गई थी। इसी को लेकर कहीं चले जाने की आशंका जताई। जरा चौकी प्रभारी रनजीत सिंह ने बताया कि युवक की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।