संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। भाकियू (स्वराज) और भाकियू (अन्नदाता) के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में पहुंचे भाजपा नेता और दिल्ली विधानसभा के पूर्व सदस्य मनजिंदर सिंह सिरसा को क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
भाकियू (स्वराज) के मंडल अध्यक्ष सुखजीत सिंह औलख के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसान आंदोलन के दौरान किए गए वायदों को पूरा कराने, कमेटी गठित कर एमएसपी कानून लागू कराने, बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों से बदसलूकी बंद कराने की मांग की।
भाकियू (अन्नदाता) के प्रदेश महामंत्री बलजिंदर सिंह, जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह आदि ने ज्ञापन देकर नगर की माधोटांडा रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनवाने, असम हाईवे के बंडा चौराहा को किसान चौक घोषित कराने आदि समस्याओं के समाधान की मांग की। संवाद