गांव में बस की प्रतीक्षा में खड़े थे झम्मनलाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। कोतवाली के गांव जसोली में मंगलवार को बस की प्रतीक्षा में खड़े गांव के ही किसान झम्मनलाल गंगवार (65) की टाटा मैजिक की चपेट में आकर मौत हो गई।
गांव जसोली निवासी श्यामाचरन ने बताया कि उनके पिता झम्मनलाल मंगलवार को दोपहर में गांव के बस स्टैंड पर बस की प्रतीक्षा कर रहे थे। इस बीच पीलीभीत की ओर से आ रही तेज रफ्तार टाटा मैजिक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होने के बाद चालक मैजिक लेकर बीसलपुर की ओर भाग गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
श्यामाचरन ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के पुत्र श्यामाचरन, गंगाप्रकाश, गुरुदयाल, वीरपाल, पुत्री पूनम और मुन्नी देवी का रोते-रोते बुरा हाल है।