घटना स्थल पर लगी भीड़ व खड़ी ट्रैंक्टर ट्रॉली । संवाद
गजरौला। पूरनपुर से गन्ना लेकर बरखेड़ा जा रहे किसान की थाने से 500 मीटर की दूरी पर सड़क हादसे में मौत हो गई। पूरी रात किसान का शव हाईवे के किनारे पड़ा रहा। सुबह पहुंचे दुकानदार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद किसान के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव गाजीपुर मुगल निवासी जावेद (25 वर्ष) पुत्र अशरफ अली बुधवार की रात नौ बजे पूरनपुर क्षेत्र से गन्ना लेकर गजरौला होते हुए मुडैला पुलिया से होते हुए बरखेड़ा स्थित अपने गांव जा रहे थे। रास्ते में गजरौला थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे उतर गई और पास में एक दीवार से जा टकराई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी रात पुलिस हाईवे पर गश्त करती रही, लेकिन किसान का शव नहीं दिखाई दिया। सुबह में हाईवे पर स्थित बोरिंग व्यापारी लगभग साढ़े आठ बजे दुकान पर पहुंचा तो उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली को दुकान के सामने खड़ा देख उसे हटाने के लिए उसके पास गया। जहां किसान का शव ट्रैक्टर के पिछले पहियेे के नीचे पड़ा हुआ था। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन के आने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। थाना प्रभारी रुपा बिष्ट ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।