ईवीएम डेमो स्टेशन वैन को झंडी दिखाकर रवाना करते डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार । स्रोत - सूचना विभाग
पीलीभीत। जिले के मतदाताओं को मतदान करने का तरीका डेमो ईवीएम पर सिखाया जाएगा। इसके लिए जिले से तीन डेमो ईवीएम को डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर जिला निर्वाचन कार्यालय से सुबह 11 बजे मतदाताओं को डेमो ईवीएम पर प्रशिक्षण के लिए रवाना किया गया। डेमो ईवीएम स्टेशन वैन जिले के प्रत्येक मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाताओं को प्रशिक्षित करेंगी। साथ ही निर्वाचन में भागीदारी करने के लिए जागरूक भी करेंगी। वैन में डेमो ईवीएम मशीन, मास्टर ट्रेनर, लेखपाल एवं आवश्यक पुलिसबल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बेहतर काम करने पर शिक्षक इंतजार हुसैन को मतदाता दिवस 2024 का अवार्ड भी डीएम ने दिया है। युवा वोटरों को मतदाता पहचानपत्र दिए तो बूथ लेबल अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। संवाद