बीसलपुर। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन अब प्रवासी मतदाताओं को बुलाने पर जोर दे रहा है। पंचायत, स्वास्थ्य, बाल विकास के कर्मचारियों को विभागीय कार्यों से गांव जाने पर मतदाताओं से मतदान की अपील और रोजगार के सिलसिले में जिले से बाहर रहने वाले मतदाताओं से संपर्क करने को कहा गया है।
बीसलपुर तहसील क्षेत्र के करीब 10 हजार से अधिक लोग रोजगार और नौकरी के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहते हैं। प्रशासन की मंशा है कि संसदीय चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान होना चाहिए। इसको लेकर दूसरे शहरों में रहने वाले मतदाताओं को मतदान के दिन बुलाने की योजना पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्वास्थ्य, विकास, बाल विकास, पंचायत और मंडी समिति के कर्मचारियों को निर्देश दे रखा है कि वे लोग जब ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय कार्यों से जाएं तो लोगों को मतदान का महत्व बताएं।
यह भी कहा कि जिन परिवारों के लोग रोजगार और नौकरी के सिलसिले में बाहर हैं। उन्हें भी चुनाव के समय बुला लिया जाए। इससे जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। एसडीएम महीपाल सिंह ने बताया कि लोगों को मतदान का महत्व नियमित बताया जा रहा है। प्रवासी मतदाताओं को वोट डालने के लिए उनके घरवालों के माध्यम से बुलाने का प्रयास किया जा रहा है।