पूरनपुर। रंजिश के चलते कुछ लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर ग्रामीण को घायल कर दिया। बचाने आए चाचा और मां के सिर पर भी प्रहार किए। पुलिस ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव लाह निवासी नरेश कुमार ने बताया कि डेढ़ साल पूर्व लेखपाल की पिटाई के मामले में उसकी गवाही हुई थी। इसको लेकर गांव के कुछ लोग उससे रंजिश मानने लगे। आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर रविवार को उक्त लोग धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए और उसपर हमला कर दिया।
शोर शराबा पर बचाने पहुंचे चाचा श्रीकृष्ण, मां नंदरानी के सिर पर भी धारदार हथियार से वार कर दिया। घटना में तीनों लोग लहूलुहान हो गए। इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए। इंस्पेक्टर क्राइम हरसिंह पाल ने बताया कि नरेश कुमार की ओर से गांव के ही शिवसागर, ईश्वर दयाल, रोहित कुमार, गंगाराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।