पीलीभीत। बिजली के फाॅल्ट की जानकारी पर रूपपुर कृपा गांव पहुंचे ऊर्जा निगम कर्मचारी के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की और बाइक भी तोड़ दी। नाराज कर्मचारियों ने सुनगढ़ी थाने पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव रूपपुर कृपा की है। बिलसंडा के गांव नौवां नगला निवासी संविदा कर्मचारी शिवेंद्र कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह रूपपुर कृपा उपकेंद्र पर ड्यूटी पर था। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे उपकेंद्र के एसएसओ अरविंद कुमार ने रूपपुर कृपा गांव में फाॅल्ट ठीक करने के लिए कहा।
साथी लाइनमैन गौरव शर्मा के साथ गांव पहुंचा। गांव में ब्रह्मदेव स्थल के निकट गांव के एक युवक ने उसे देखकर गालियां देना शुरू कर दीं। विरोध करने पर उसने अपने 10-12 साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने उसकी पिटाई कर दी। बचाने का प्रयास करने पर साथी कर्मचारी की भी पिटाई की। बाइक में तोड़फोड़ कर चाबी भी छीन ली। पांच हजार रुपये भी ले लिए। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।