कलीनगर। भीषण गर्मी में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। मंगलवार को माधोटांडा के अलावा रमनगरा और सकरिया फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली घंटों ठप रही।
माधोटांडा विद्युत उपकेंद्र से कस्बे के अलावा रमनगरा क्षेत्र में भी आपूर्ति दी जाती है। माधोटांडा में जर्जर लाइनों के चलते आपूर्ति का बुरा हाल है। वार्ड नंबर तीन के ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन में दस से अधिक फाॅल्ट हुए है। मंगलवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से दाेपहर 12 बजे से शाम तक आपूर्ति ठप रही। इससे लोग बेहाल हो गए।
रमनगरा निवासी ग्रामीणों का कहना है कि तीन दिन पूर्व ट्रांसफार्मर फुंक गया था। तब से करीब 80 घरों की आपूर्ति ठप है। उन्होंने विभागीय अफसरों पर शिकायतें सुनने के बजाय धमकाने के आरोप भी लगाए। वहीं सकरिया क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिन से फीडर में फाॅल्ट की समस्या बनी हुुई। इससे आपूर्ति प्रभावित है।
अवर अभियंता पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि माधोटांडा में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से आपूर्ति प्रभावित रही थी। रमनगरा में फुंके ट्रांसफार्मर को बदलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।