पीलीभीत। दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश ने शहर की विद्युत व्यवस्था की पोल खोल दी है। फॉल्ट और ब्रेकडाउन के चलते करीब बीस घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। शहर के अधिकांश मोहल्लों में बिजली न आने से लोग पेयजल के लिए तरसते रहे। इसके अलावा व्यापार पर भी बिजली का असर देखा गया। इन्वर्टर तक जवाब दे गए। लोगों का कहना है कि सर्दियों में यह हाल है तो गर्मी में क्या होगा।
सोमवार रात से शुरू हुई बारिश के बाद शहर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा गई। मंगलवार को रात में फिर 12 बजे बिजली चली गई। सुबह करीब नौ बजे आई। आधे घंटे बाद फिर चली गई। फिर 11 बजे आई। इसी तरह पूरे दिन बिजली आती-जाती रही। शहर के कई इलाकों में देर शाम तक बिजली नहीं आ सकी। फॉल्ट के कारण अधिकतर फीडर से आपूर्ति को रोक दिया गया।
बुधवार को शहर के मोहल्ला गोपाल सिंह, इनायतगंज में ट्रांसफार्मर में फॉल्ट होने से आपूर्ति ठप रही। लोगों का कहना है कि करीब बीस घंटे तक सप्लाई ठप रही। इसके अलावा फेस उड़ने से मोहल्ला नई बस्ती, आयुर्वेदिक कॉलेज, काशीराम कॉलोनी क्षेत्र में करीब 12 घंटे तक लोग बिजली के लिए परेशान दिखे।
मधुबन कॉलोनी और छतरी चौराहे क्षेत्र में भी बिजली गुल होने से लोग परेशान दिखे। 132 केवीए नकटादाना में फॉल्ट होने से करीब छह मोहल्लों में कई घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
इधर गांधी स्टेडियम के निकट भी जंफर उड़ने से सप्लाई ठप हो गई। इसके अलावा झंकार मार्केट और अशोक कॉलोनी क्षेत्र में भी बिजली दिन भर आती-जाती रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी फॉल्ट की समस्या से लोग परेशान रहे।
--
पुराने संसाधनों से बढ़ गई फॉल्ट की समस्या
फॉल्ट की समस्या से जूझ रहे शहर के लोगों का कहना है कि अधिकतर फीडर और मोहल्लों में बिजली विभाग के संसाधन पुराने हो चुके हैं। जर्जर तारों के अलावा पुराने ट्रांसफार्मर के सहारे आपूर्ति दी जा रही है। यही वजह है कि हर समय फॉल्ट की समस्या बनी रहती है। दो दिन पूर्व से रुक-रुककर हुई बारिश ने विभाग के दावों की हकीकत खोल दी।
000
बारिश के कारण फॉल्ट की समस्या कुछ बढ़ गई। टीमों को लगाकर फॉल्ट को दुरुस्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकतर स्थानों पर आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।
- जहांगीर आलम, अवर अभियंता