पीलीभीत। रामलीला फीडर के ट्रांसफार्मर फट जाने से करीब आठ हजार उपभोक्ताओं की बिजली पूरी रात गुल रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा भी शहर के अन्य मोहल्लों में बिजली संकट रहा।
शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे रामलीला फीडर में ट्रांसफार्मर फट जाने से वहां की बिजली व्यवस्था पूरी रात प्रभावित रही। देर रात बिजली जाने से उपभोक्ता गर्मी में व्याकुल रहे। इससे शहर के सुनगढ़ी, नई बस्ती, बाजार, काशीराम, नौगवां चौराहे समेत करीब 15 मोहल्लों की बिजली प्रभावित हुई।
रविवार को दोपहर दो बजे के बाद यहां के उपभोक्ताओं को बिजली दी जा सकी। बावजूद कटौती का सिलसिला जारी रहा। इसके अलावा रात करीब डेढ़ बजे एकता नगर स्थित ट्रांसफार्मर फूंक जाने से यहां के करीब 500 उपभोक्ताओं की बिजली प्रभावित रही। जानकारी लगने पर बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां पर मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाया। जिसके बाद वहां के उपभोक्ताओं को बिजली मिल सकी।
हालांकि कटौती पहले जैसी ही होती रही। रविवार की सुबह भी बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हुए। शहर के मोहल्ला अशोक कॉलोनी, एकता नगर, अवध नगर, निरंजनकुंज कॉलोनी, सुरभि कॉलोनी, सिविल लाइंस साउथ, फीलखाना, आवास विकास, सरकारी कॉलोनी, गोदावरी स्टेट समेत अन्य मोहल्लों की बिजली प्रभावित रही। एसडीओ आशीष कौशल ने बताया कि कुछ जगह रात में दिक्कत हुई थी। कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेजकर उसे सही करा दिया।