छोटी मार्केट में बिजली सही करता कर्मचारी।
पीलीभीत। देर रात शुरू हुई बारिश से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली लेकिन फॉल्ट होने से कई मोहल्लों की बिजली गुल रही। विभिन्न इलाकों में फेस और ट्रांसफार्मरों की दिक्कत से दो से 12 घंटे तक उपभोक्ता बिजली के लिए परेशान रहे।
शुक्रवार रात हल्की बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया। शनिवार को भी बारिश हुई तो मौसम खुशगवार हो गया, लेकिन शहर में बिजली कटौती में कोई फर्क नहीं पड़ा। कांशीराम कॉलोनी में रात 12:30 बजे ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। इसे शनिवार दोपहर तक सही किया जा सका। अग्रवाल सभा भवन की तरफ लगभग एक घंटा बिजली प्रभावित रही। नकटादाना और खकरा फीडर की लाइन में खराबी आ जाने से इससे जुड़े इलाके को लगभग दो घंटे बिजली नहीं मिली।
छोटी मार्केट और एकतानगर में शनिवार शाम पांच बजे बिजली चली गई, जो लगभग चार घंटे बाद सही की जा सकी। वनकटी रोड पर लाइन पर पेड़ गिर जाने से तार टूट गए। इससे बिजली गुल हो गई। इसके अलावा निरंजनकुंज, चावला चौराहा, विशाल टॉकीज के पास, अवधनगर, लीचीबाग, बल्लभनगर कॉलोनी आदि में भी कटौती से लोग परेशान रहे। जेई जहांगीर आलम ने बताया है कि बारिश में कई जगह फॉल्ट होने से बिजली गई थी, जानकारी मिलने पर कर्मचारियों को मौके पर भेजकर तत्काल दुरुस्त कराया गया।