दोपहर चली तेज हवाओं से जगह-जगह टूटे खंभे व तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। तेज हवाओं ने शहर की बिजली व्यवस्था चौपट कर दी। शहर में दो घंटे से ज्यादा बिजली की आपूर्ति ठप रही। इससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ मतदान केंद्र पहुंचे कार्मिकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आपूर्ति बहाल होने के बाद भी ट्रिपिंग की समस्या बनी रही।
बृहस्पतिवार को दोपहर में चली तेज हवाओं से वनकटी मार्ग पर बिजली के दो खंभे गिर गए। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भी पेड़ाें की टहनियां गिरने से बिजली के तार टूट गए। खंभे व तार टूटने से दिन में 1:30 से 3:30 बजे के तक पूरे शहर में दो घंटे से ज्यादा बिजली गुल रही।
कटौती से शहर के अधिकतर मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदान कार्मिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभागीय कर्मचारियों ने जैसे-तैसे बिजली व्यवस्था बहाल की। इसके बाद भी रुक-रुककर कटौती जारी रही।
एसडीओ आशीष कौशल ने बताया कि तेज हवा की वजह से दो खंभे व कई जगह तार टूट गए थे। जानकारी लगने पर कर्मचारियों को मौके पर भेजकर उन्हें तुरंत दुरुस्त करा दिया गया।
00
छह घंटे तक बाधित रही कस्बे की बिजली आपूर्ति
बरखेड़ा। मतदान से एक दिन पहले बरखेड़ा कस्बे की बिजली सुबह 11:30 से शाम छह बजे तक गुल रही। उपभोक्ता पूरे दिन गर्मी से परेशान रहे। लोगों के घरों के इंवर्टर भी डाउन हो गए। पानी का टैंक भरने के लिए जनरेटर का प्रयोग करना पड़ा। शाम छह बजे बिजली आने के बाद भी कस्बे में रुक-रुककर कटौती होती रही। अवर अभियंता राजीव शर्मा ने बताया कि रूपपुर कमालु के पास मेन लाइन पर पेड़ गिरने से खंभे पर लगा वी क्रास टूट गया था। जिसकी मरम्मत कराई गई थी। इस वजह से ही बिजली नहीं मिल सकी। संवाद
00
फोटो: 22
बिजली कटौती ने रुलाया, मतदान कार्मिक भी परेशान
पूरनपुर। गर्मी के बढ़ते ही जगह-जगह फाॅल्ट से नगर की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। बुधवार शाम सात बजे से रात 12 बजे तक आपूर्ति बाधित रही। बृहस्पतिवार को सुबह से ही पूरे दिन बिजली ठप रही। मतदान केंद्रों पर पहुंचे कार्मिक भी परेशान हुए।
खराब बिजली आपूर्ति से उपभोक्ताओं और चुनाव ड्यूटी में मतदान केंद्रों पर पहुंचे कर्मचारी को भारी असुविधा हुई। तेज हवा के चलते शेरपुर, घुंघचाई विद्युत सब स्टेशन के कुछ इलाके की बिजली आपूर्ति घंटों बंद रही। संवाद
शेरपुर उपकेंद्र से जुड़े 32 गांवों की ठप रही बिजली आपूर्ति
पूरनपुर। ट्रांसफाॅर्मर की खराबी से सब स्टेशन क्षेत्र में शेरपुरकलां के अलावा जटपुरा, रूदपुर, लोधीपुर, मुझाखुर्द, हुसेनापुर आदि गांवों की बिजली आपूर्ति सुबह करीब आठ बजे ठप हो गई। एसडीओ बिजली शशांक कुमार ने बताया कि रात करीब नौ बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी। शारदा पार के गांवों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। तहसील क्षेत्र के शारदापार के गांवों में लखीमपुर खीरी से बिजली आपूर्ति की जाती है। बृहस्पतिवार दोपहर को तेज हवा से शारदापार की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शाम साढ़े छह बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। हजारा थाना क्षेत्र में 22 मतदान केंद्र और 34 बूथ हैं। संवाद
टूटा पड़ा बिजली पोल । स्रोत - बिजली विभाग