पीलीभीत। शहर में स्वतंत्रता दिवस के दिन भी बिजली व्यवस्था बाधित रही। बुधवार को भी अघोषित कटौती ने लोगों को खूब परेशान किया। उपभोक्ता दिन भर उमस भरी गर्मी में परेशान रहे।
सोमवार रात से ही बिजली कटौती परेशान करने लगी। देर शाम बिजली आई भी तो बार बार ट्रिपिंग से लोग परेशान होते रहे। इसके अलावा बुधवार को भी दिनभर कटौती ने लोगों को रुलाया। शहर में मद्दे की पुलिया के पास घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसके अलावा शनि देव के मंदिर के पास बिजली लाइन पर पीपल की टहनी गिर जाने से बिजली गुल हो गई।
स्टेडियम रोड पर वोल्टेज कम आने से लोगों को परेशानी हुई। वहीं बाजार गेट फीडर पर फेस में दिक्कत आ जाने के से पूर्वाह्न 11 बजे से वहां के लोगों को बिजली नहीं मिल सकी। इसके अलावा शहर के नई बस्ती, अशोक कॉलोनी, एकता नगर, बल्लभ नगर, पंजाबियान, दूधिया मंदिर रोड समेत तमाम इलाकों में घंटों बिजली की कटौती हुई।