पीलीभीत। बीसलपुर स्थित आदेश कॉलेज ऑफ एजूकेशन और पूरनपुर स्थित श्री साईं गर्ल्स डिग्री कॉलेज में डीएलएड के प्रवेश के दौरान शासन की गाइडलाइन के विपरीत पुरुषों के भी दाखिले हो गए। शिकायत के बाद अनुसचिव धर्मेंद्र मिश्र ने परीक्षा नियामक प्राधिकारी को जांच के आदेश दिए। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य ने दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्यों से आख्या मांगी है।
पीलीभीत शहर निवासी वैशाली गुप्ता ने शासन में लिखित शिकायत भेजी थी। उनकी शिकायत छह जुलाई को बेसिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव के पास पहुंची। प्रमुख सचिव के निर्देश पर विशेष सचिव ने परीक्षा नियामक प्राधिकारी को 11 जुलाई को जांच के आदेश दिए। जांच तीन दिन में पूरी होनी थी लेकिन समय सीमा गुजरने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी। उत्तर प्रदेश शासन के अनुसचिव ने अपने पत्र में छह बिंदुओं पर जांच के आदेश दिए।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
दोनों कॉलेज महिला कॉलेज हैं या नहीं
अगर दोनों महाविद्यालय महिला महाविद्यालय के रूप में संबद्धता प्राप्त किए हुए हैं तो फिर 9 जून 2022 के शासनादेश का पालन क्यों नहीं किया गया।
क्या डीएलएड 2022 के लिए पुरुष अभ्यर्थियों के आवेदन लिए जा रहे हैं या नहीं। यदि हां तो किस शासनादेश के अंतर्गत।
को-एजूकेशन के लिए किसी सक्षम अधिकारी ने कभी कोई आदेश निर्गत किया है या नहीं।
यदि हां तो शासनादेश की प्रति प्रस्तुत की जाए।
महिला संस्थान होने के बावजूद पिछले वर्षों में भी पुरुषों के दाखिले लिए गए या नहीं।
यह है शिकायत
शिकायतकर्ता वैशाली गुप्ता के मुताबिक महिला डिग्री कॉलेज संचालित होने के बावजूद शासन को गलत तथ्यों की जानकारी देकर एनसीटीई और शासन से नियम विरुद्ध सहशिक्षा की मान्यता ली गई है। महिला महाविद्यालय होने के बावजूद पुरुषों के दाखिले हो गए। मान्यता के समय दाखिल किए गए अभिलेख देखे जाएं तो खुलासा होगा। इसीलिए एनसीटीई को भी पत्र भेजा गया है।
हम दे रहें हैं अपना जवाब
बीसलपुर स्थित आदेश कॉलेज ऑफ एजूकेशन के नाम से संचालित महिला महाविद्यालय में पुरुषों के दाखिले पर एजीएम एजूकेशन ट्रस्ट के सचिव अरविंद गंगवार ने कहा कि कॉलेज अपनी ओर से किसी के दाखिले नहीं लेता। दाखिले उसके ही होते हैं, जिसके लिए परीक्षा नियामक प्राधिकारी संस्तुति भेजते हैं। कॉलेज की संबद्धता रुहेलखंड विश्वविद्यालय से है। शिकायत के बाद हमसे हमारा पक्ष पूछा गया है। हम अपने रिकार्ड जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य को दे रहे हैं।
परीक्षा नियामक अधिकारी ने कराए हैं दाखिले
पूरनपुर स्थित साईं गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्रबंधक रजत सक्सेना ने कहा कि हम दाखिले अपने आप नहीं लेते। जब परीक्षा नियामक अधिकारी ने पुरुष अभ्यर्थी भेजे हैं तो हम दाखिले के लिए कैसे मना करते। परीक्षा नियामक प्राधिकारी के निर्देशों का पालन करते हुए दाखिले किए गए हैं।
मान्यता के अभिलेख खंगाले जाएंगे। 26 जुलाई दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्य/ प्रबंधकों पत्र भेजा है। तीन दिन में दोनों संस्थाओं को रिकॉर्ड देने हैं। रिकॉर्ड देखने के बाद जांच करके आख्या शासन के सचिव को भेजी जाएगी।
- बृजेंद्र कुमार, प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, बीसलपुर