पीलीभीत। पुलिसकर्मियों की पिटाई से आहत होकर ई-रिक्शा चालक ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की है। मामले की खबर लगते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के चावला चौराहा निवासी धर्मवीर ने गुरुवार शाम साढ़े आठ बजे चावला चौराहे के समीप जहर खा लिया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि धर्मवीर ई-रिक्शा चलाते हैं। बुधवार शाम को मुख्य बाजार में उनके साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की थी। इससे आहत होकर उसने जहर खा लिया।
परिजनों ने ई-रिक्शा के पास पड़े जहरीले पदार्थ के रैपर भी उठाकर कर रख लिए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती करके उसका उपचार किया जा रहा है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक थाना सुनगढ़ी आशुतोष रघुवंशी ने जिला अस्पताल पहुंचकर धर्मवीर से पूछताछ की। उनका कहना है कि चालक जिस तरीके के आरोप लगा रहा है, उनमें किसी तरह की सत्यता नजर नहीं आ रही है। चालक बार-बार बयान बदल रहा है। सीओ सिटी सुनील दत्त ने बताया मामले की जांच की जा रही है।