पीलीभीत। असम हाईवे पर चिह्नित ब्लैक स्पॉट का डीएम संजय कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान जहानाबाद बाइपास पर प्रवेश मार्ग पर खामियां मिलीं। इसपर उन्होंने अभियंता को सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूरनपुर मार्ग पर चिह्नित ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर पूरनपुर गेट चौकी पर बरहा से आने वाली सड़क के मुख्य मार्ग से मिलने वाले टी प्वाइंट पर स्पीड टेबल बनाने, टर्न रोड का चौड़ीकरण करने, ब्लिंकिंग लाइट लगाने, दुर्घटना बहुल क्षेत्र का चेतावनी बोर्ड लगाने एवं सड़ा पुल पर दाईं ओर बड़ी संख्या में उगी हुई झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद वह पीलीभीत- बरेली मार्ग पर नवनिर्मित जहानाबाद बाइपास पर गए। वहां पर प्रवेश मार्ग पर संरचनात्मक खामियों पर कार्यदायी संस्था एनएचआईएआई के साइट इंजीनियर को डिवाइडर की लंबाई कम करने, बरेली मार्ग की तरफ जाने वाले मार्ग पर ढलान कम करने, क्षतिग्रस्त रेलिंग गार्ड को ठीक करने, बाइपास से पहले मार्ग के दोनों तरफ बोर्ड लगाने, हजार्ड लाइट लगाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही यह भी कहा कि तुरंत यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित ललौरीखेड़ा में डिवाइडर की रेलिंग लगवाने, अवैध कट बंद करवाने, मार्ग के दोनों तरफ हुए अतिक्रमण को हटाने, लिंक रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा डीएम ने जहानाबाद मार्ग पर लालपुर चौराहे पर अतिक्रमण को भी तत्काल हटाने, रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए।