दिव्यांगों ने लगाया प्रमाणपत्र बनाने में धनउगाही का आरोप
दिव्यांगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट में जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। दिव्यांगों का आरोप है कि प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर उनसे धन उगाही की जाती है। प्रदर्शन के बाद उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। हाड कपा देने वाली सर्दी में जिले भर के दिव्यांगजन बृहस्पतिवार को विकलांग कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में कलक्ट्रेट चौराहे पर एकत्र हुए और जुलूस के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। दिव्यांगों ने यहां नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। दिव्यांगों का आरोप है कि प्रशासन उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कर रहा है। सर्दी का मौसम शुरू होने के बाद भी अब तक कंबल भी उपलब्ध नहीं कराए गए। दिव्यांगों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजितराम प्रजापति को सौंपा। इसमें अन्य मांगों के अलावा एक नेत्रहीन दिव्यांग महिला विकलांग प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर उसे धन वसूली का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा दिव्यांगों की पेंशन में वृद्धि, इंदिरा आवास, खाद्य सुरक्षा आदि में प्राथमिकता से लाभ देने, दिव्यांगों को बीपीएल सूची में शामिल करने सहित मांगे रखीं। सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी को जल्द कंबल वितरित कराने एवं आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिव्यांगों को दिया है। प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने वालों में मुकेश राठौर, तुआसीन, शिवकुमार, सीताराम, रमेश, विमल, अवनीश अवस्थी सहित कई दिव्यांग थे।