बीसलपुर के नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीज देखते डॉ चंदन सिन्हा । संवाद
बीसलपुर। रविवार को सरकारी अस्पतालों में लगे जनारोग्य मेलों में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। कहीं फार्मासिस्ट तो कहीं डॉक्टर गायब रहे। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. चंदन सिन्हा ने 41 मरीजों का परीक्षण किया। फार्मासिस्ट न होने पर वार्ड बॉय पवन सिंह ने मरीजों को दवाई दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा मेले में महिला डॉक्टर को न भेजने से महिला रोगी मायूस होकर लौट गईं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरी नवदिया में डॉ. ललिता रस्तोगी ने 38 मरीजों का परीक्षण किया। फार्मासिस्ट यतेंद्र सिंह ने मरीजों को दवाई दी। यहां पुरुष डॉक्टर न होने से मरीजों को दिक्कत हुई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खांडेपुर में डॉ. उज्जमा अख्तर ने 35 मरीज देखे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुर्रासकतपुर में डॉ. कमलेश गंगवार ने 28 मरीजों का परीक्षण किया। उन्हें दवा दिलवाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. लेखराज गंगवार व्यस्तता के कारण किसी भी मेले का निरीक्षण नहीं कर पाए।