पीलीभीत। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन भानु की ब्लाॅक स्तरीय मासिक विकास गोष्ठी ललौरीखेड़ा में जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी की अध्यक्षता में हुई। इसमें ब्लॉक और अस्पताल के सामने भरे गंदे पानी की समस्या और कई अन्य मामलों पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने कहा कि विकासखंड ललौरीखेड़ा की जनता परेशान हैं, उनकी आवाज को सुनने वाला कोई नहीं है। खंड विकास अधिकारी कमजोर वर्ग की जनता की आवाज को नहीं सुनते। तहसील अध्यक्ष नंद किशोर राठौर ने कहा कि ललौरीखेड़ा की भोली-भाली जनता का शोषण हो रहा है।
ब्लाॅक ललौरीखेड़ा मुख्यालय एवं ललौरीखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र के सामने बरेली हाईवे पर गंदा पानी भरे लगभग छह माह हो गए। लोगों को गंदे पानी में होकर गुजरना पड़ता है। गोष्ठी में सुखलाल गंगवार, सुरेश पासवान, प्रवेश कुमार, डोरीलाल पाल, रामप्रसाद राजपूत, रायबहादुर रामबती सोमवती, चमेली देवी कलावती सहित काफी लोग मौजूद रहे। संवाद