पूरनपुर। खेत में शौच के लिए गई दिव्यांग युवती से दुष्कर्म किया गया। आरोपी के साथी ने उसका वीडियो बना लिया। साथ ही किसी को जानकारी देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बाद में शिकायत पर आरोपी के परिजनों ने घर में घुसकर युवती और उसके पिता की पिटाई कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवती को मेडिकल के लिए भेजा है।
घटना छह मई को दिन में 11 बजे की है। युवती के पिता ने बताया कि उसकी एक हाथ और पैर से दिव्यांग पुत्री खेत में शौच के लिए गई थी। रास्ते में घात लगाए बैठे उमेश ने उससे दुष्कर्म किया। उसके साथी धीरज ने वीडियो बनाई। घटना की जानकारी किसी को देने पर वीडियो वायरल करने करने की धमकी दी।
घर पहुंची युवती ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। युवती के पिता ने बताया कि इस पर आरोपियों के घर शिकायत करने पर युवक के परिजनों ने शिकायतकर्ता के घर में घुसकर उसकी और उसकी पुत्री की पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी।
कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि युवती के पिता की ओर से उमेश, धीरज, आरोपी के पिता सत्यपाल, अर्जुन, आरोपी की मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है।