पीलीभीत। धनतेरस शनिवार को है। ग्राहकों को लुभाने के लिए शुक्रवार को दुकानदार आकर्षक ढंग से दुकानों को सजाते नजर आए। बाइक शोरूम, सराफा और बर्तन बाजार व इलेट्रानिक्स की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। धनतेरस की पूर्व संध्या पर बाजार रंग-बिरंगी रोशनी में दुल्हन सा सजा नजर आया। व्यापारी बेहतर कारोबार का अनुमान लगा रहे हैं।
--
सराफा बाजार : चांदी के बर्तन और डॉलर की बड़ी डिमांड
धनतेरस पर सोने व चांदी के सिक्कों और आभूषणों की खरीदारी की परपंरा है। इस बार लाइटवेट व हॉलमार्क ज्वेलरी की खासी डिमांड देखी जा रही है। वहीं एक-एक ग्राम की अंगूठियां, डिजाइनर टॉप्स खासे पसंद किए जा रहे हैं। श्री लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों की भी बिक्री हो रही है। चांदी के बर्तन और सोने के डॉलर का लोगों में खासा क्रेेज है।
--
ऑटोमोबाइल्स बाजार : जमकर हुई एडवांस बुकिंग
ऑटोमोबाइल्स बाजार में दिनभर सजावट का दौर चलता रहा। कई कंपनियों ने बाइक के नए मॉडल उतारे हैं। धनतेरस के एक दिन पूर्व शुक्रवार को बाइकों के शोरूम पर खास भीड़ दिखाई दी। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि धनतेरस पर 2000 से अधिक बाइकों और स्कूटी की बिक्री होगी। इस बार स्कूटी की डिमांड खासी बढ़ी है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार एडवांस बुकिंग भी ज्यादा है।
--
इलेक्ट्रानिक्स बाजार : वॉशिंग मशीन और फ्रिज की हुई जमकर बुकिंग
धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक्स सामान की खासी खरीदारी होती है। मार्केट में डायोस रेफ्रिजरेटर, अल्ट्रा एचडी एलईडी, फुली ऑटोमेटिक वॉशिंग मशीन, एयरकंडीशन आदि की बड़ी रेंज उतारी गई है। इस बार संगीत के शौकीन युवा म्यूजिक सिस्टम भी जमकर खरीद रहे हैं। खास कर वॉशिंग मशीन और फ्रिज की ज्यादा बिक्री होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
--
बर्तन बाजार : सिल्वर टच बर्तनों की डिमांड
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परपंरा है। इसको लेकर बर्तन बाजार भी सजाया गया है। बाजार में सिल्वर टच बर्तनों की खासी डिमांड है। कॉपर बॉटम फ्राईपैन, डिजाइनर थाल, इडली स्टैंड के अलावा डिजाइनर बर्तनों के सेट ग्राहकों को खूब भा रहे हैं। वहीं पूजा के लिए तांबे व पीतल के बर्तनों की खासी डिमांड देखी जा रही है।
--
खरीदारी का शुभ मुहूर्त शाम 6:02 बजे से
पीलीभीत। अशोक कॉलोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर के महंत दिनेश गौड़ ने बताया कि शनिवार को सूर्योदय से लेकर शाम 6:01 बजे तक द्वादशी रहेगी और शाम 6:02 बजे त्रयोदशी तिथि (धनतेरस) शुरू होगी। इसके बाद ही खरीदारी शुभ रहेगी। रविवार को उदयतिथि में भी खरीदारी कर सकते हैं। प्रदोष बेला यमदीप दान और पूजा शाम 5:59 से 8:32 बजे तक होगी। जबकि 24 अक्तूबर को प्रदोश बेला में सूर्यास्त के बाद 5:58 से 8:32 बजे तक महालक्ष्मी पूजन किया जाने की शुभ घड़ी है।