बीसलपुर। पंचायत विभाग के उच्चाधिकारियों की अनदेखी से ब्लॉक क्षेत्र की दो ग्राम पंचायतों में काफी समय बाद भी ग्राम पंचायत संचालन समितियों का गठन नहीं हुआ है। इस वजह से दोनों ग्राम पंचायतों में बजट होने के बावजूद विकास नहीं हो पा रहा है।
ग्राम पंचायत पहाड़गंज की प्रधान किशवरी बेगम का 15 मई को निधन हो गया था। इधर डीएम संजय कुमार ने सरकारी धन का गबन करने के आरोप में ग्राम पंचायत चुर्रासकतपुर की प्रधाना शहाना बेगम के छह जून को प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार सीज कर दिए। इस वजह से इन दोनों ग्राम पंचायतों में काफी पैसा होने के बावजूद विकास कार्य ठप पड़े हैं।
नियमानुसार दोनो ग्राम पंचायतों में अब तक ग्राम पंचायत संचालन समितियों का गठन हो जाना चाहिए, लेकिन पंचायत विभाग के उच्चाधिकारियो की हीलाहवाली के चलते अब तक इन ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत संचालन समितियों का गठन नहीं हुआ है।
इस बीच जागरूक लोगों ने विभागीय उच्चधिकारियों का ध्यान इस ओर कई बार आकर्षित कराकर ग्राम पंचायत समितियों का तत्काल गठन कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में अधिकारियों के प्रति रोष है। अधिकारियों की हीलाहवाली के चलते यह स्थिति भविष्य में कब तक बनी रहेगी, कुछ कहा नही जा सकता।
इस बावत पंचायत विभाग की सहायक विकास अधिकारी कृष्णा देवी ने बताया कि उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर दोनों गांवों में ग्राम पंचायत संचालन समितियों का तत्काल गठन करने की संस्तुति कर दी है।