गांवो में अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण करते पंचायत राज के उप निदेशक महेंद्र सिंह।स्रोत- पंचायत
पीलीभीत। बृहस्पतिवार को पंचायत राज के उपनिदेशक महेंद्र सिंह ने यहां आकर मरौरी और ललौरीखेड़ा ब्लाॅक के तीन गांवों में अंत्येष्टि स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं मिट्टी का भराव नहीं हुआ था, तो कहीं द्वार नहीं बन सके थे। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एक सप्ताह में काम पूरा कराने के प्रधान और सचिव को निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को विकास खंड ललौरीखेड़ा की ग्राम पंचायत हांडा, विकासखंड मरौरी की ग्राम पंचायत गजरौला कलां तथा खाग में ग्राम पंचायत की ओर से निर्मित कराए जा रहे अंत्येष्टि स्थलों का पंचायत के मंडलीय उपनिदेशक महेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत होंडा में अभी तक रैंप का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने की बात सामने आई तो दरवाजे का निर्माण भी पूरा नहीं था। इस पर आक्रोश जताते हुए उन्होंने अपूर्ण कार्यों को प्रत्येक दशा में एक सप्ताह के अंदर पूर्ण कराने के निर्देश सचिव को दिए।
ग्राम पंचायत गजरौला कला में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण मिला। ग्राम पंचायत की ओर से काम बेहतर ढंग से किया जा रहा था। लेकिन यहां द्वार का निर्माण कार्य अपूर्ण था, इसको उन्होंने एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सहायक विकास अधिकारी मेहरबान सिंह राणा, संबंधित प्रधान एवं सचिव मौजूद रहे।