मेडिकल कॉलेज परिसर में लगा कूड़े का ढ़ेर । संवाद
पीलीभीत। डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शहर में हॉटस्पॉट तो चिह्नित कर लिए, मगर अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी ढेर हटाए जाने के संबंध में उसने कोई कदम नहीं उठाया है। डेंगू से बचाव के इंतजाम भी अधूरे हैं। अब तक डेंगू वार्ड भी नहीं बनाया गया है। डेंगू फैलने की दशा में स्थिति भयावह हो सकती है।
जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होने के बाद विभाग ने 97 स्थानों को हॉटस्पॉट घोषित किया है। संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय बताए जाने का दावा भी किया जा रहा है। इधर, विभाग संचारी रोगों की रोकथाम के अपने दावों को खुद ही पलीता लगा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। विभाग अस्पताल में सफाई अभियान चलाने पर ध्यान नहीं दे रहा। हाल यह है कि शाम ढ़लते ही मच्छरों से लोग परेशान होने लगते हैं। शाम के समय कर्मचारी खुले में बैठ भी नहीं सकते हैं। इसके अलावा आयुष विंग के पास अस्थायी डलावघर बना दिया गया है।
-
अब तक नहीं बना सका डेंगू वार्ड
अस्पताल प्रशासन संचारी रोग अभियान का डंका तो पीट रहा है, लेकिन बचाव के लिए लेकर खुद ही सतर्क नहीं दिख रहा है। अस्पताल प्रशासन ने अब तक मेडिकल कॉलेज में न तो डेंगू वार्ड बनाया, और न ही अन्य इंतजाम कराए हैं।
-
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी डेंगू वार्ड नहीं बनाया है। बाकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेडिकल कॉलेज परिसर में जल्द ही सफाई अभियान चलाया जाएगा।
- संजीव सक्सेना, सीएमएस
मेडिकल कॉलेज परिसर में लगा कूड़े का ढ़ेर । संवाद