जिले में गैर जनपदों से स्थानांतरित होकर आए शिक्षक लंबे समय से प्रथम नियुक्ति के आधार पर पदोन्नति की मांग करते आ रहे हैं। मांग पूरी न होने पर अंतरजनपदीय शिक्षक विरोध स्वरुप छह अप्रैल से शिक्षण कार्य करते आ रहे हैं। इधर शुक्रवार को वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेंद्रपाल गंगवार के नेतृत्व में तमाम अंतरजनपदीय शिक्षक बीएसए कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रथम नियुक्ति के आधार पर पदोन्नति की मांग को लेकर धरना दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम व बीएसए को सौंपा गया। ज्ञापन में कहा कि शासन द्वारा वर्ष 2012-13 व 2013-14 में बेसिक शिक्षकों का स्थानांतरण एक जनपद से दूसरे जनपदों में किया गया था, लेकिन उनकी वरिष्ठता का निर्धारण स्थानांतरित तिथि से किया जा रहा है। पदोन्नति प्रक्रिया में अंतरजनपदीय स्थानांतरित शिक्षकों को कनिष्ठ मानते हुए पदोन्नति से वंचित कर दिया गया। बेसिक शिक्षामंत्री ने शिक्षकों को आश्वासन दिया था लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया। कहा गया कि यदि मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो सभी अंतरजनपदीय शिक्षक 17 अप्रैल को लखनऊ में धरना प्रदर्शन करेंगे। धरना देने वालों में रामकुमार सागर, सौदान सिंह, प्रेम सिंह गंगवार, विमल कुमार, मोरपाल, जितेंद्रपाल गंगवार, धीरज कुमार, दिलीप कुमार, ओमप्रकाश, ऋषि कुमार, राकेश वर्मा, फरहाना, हुमा फारुकी आदि शामिल रहे।