बीसलपुर तहसील कार्यालय में एसडीएम से मिलने पहुंचे लोग।संवाद
बीसलपुर। मोहल्ला रामनगर के लोगों ने रेलवे स्टेशन से कोयला डिपो हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को तहसील कार्यालय में एसडीएम को ज्ञापन दिया। उससे पहले इन लोगों ने तहसील परिसर में रेल विभाग के विरोध में प्रदर्शन भी किया।
एसडीएम महीपाल सिंह को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि डिपो से कोयला के कण उड़कर उनके घरों में आते हैं। इससे कपड़े काले हो जाते हैं। कोयला के कण भोजन में भी जाते हैं, जिससे बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। जनहित में कोयला डिपो हटना बहुत जरूरी है। नागरिकों की ओर से एसडीएम से वार्ता पालिका चेयरमैन के प्रतिनिधि अमन जायसवाल ने की।
ज्ञापन देने से पहले नागरिकों ने तहसील परिसर में रेलवे अधिकारियों के विरोध में आधा घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी भी की। प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में अर्जुन कुमार सिंह, अनूप, महेश, अमितेश, रजनीश, रामबेटी, शांति, रुकमणी, हीराकली, इस्लाम, राहुल, निहाल, जीशान, सौरभ, राजाबाबू, आशीष और शिशुपाल आदि शामिल रहे।