नगर पंचायत बनाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण।
- फोटो : PILIBHIT
कलीनगर। पच्चीस हजार आबादी वाली ग्राम पंचायत माधोटांडा को नगर पंचायत बनाने की मांग उठी है। मंगलवार को दो दर्जन ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम शिखा शुक्ला को सौंपा।
साढ़े बारह हजार मतदाता होने के बाद भी माधोटांडा की पहचान आज भी गांव से है। भारत नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र तक का केंद्र बिंदु माधोटांडा है। लखनऊ की शान गोमती नदी का उद्गम स्थल भी गांव से सटे इलाके में स्थित है। थाना, रेंज कार्यालय के साथ सीएचसी, पशु चिकित्सालय का क्षेत्रीय मुख्यालय भी गांव में स्थित है। इसके बावजूद गांव को अभी नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल सका। विकास के मामले में गांव काफी पिछड़ा है। पूर्व में जागरूक लोगों ने इसको लेकर आवाज बुलंद की थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पूर्व में जिला प्रशासन ने भी माधोटांडा को ब्लॉक के मानक में पूर्ण माना था। अब फिर ग्रामीणों ने नगर पंचायत की मांग करनी शुरू की है। विभिन्न बिंदुओं को शामिल कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जल्द ही गांव को नगर पंचायत की सूची में शामिल करने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में सचिन, जयराम, दीपक, राजेंद्र, नवीन, बाबूराम समेत ग्रामीण शामिल रहे।