बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के गांव किशनपुर में बृहस्पतिवार की सुबह तालाब में डूबने से एक बालक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गांव किशनपुर निवासी मोहनलाल ने बताया कि उनका पुत्र निक्की (13) बृहस्पतिवार की सुबह गांव के कुछ अन्य बच्चों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह ज्यादा गहरे पानी में चला गया और वह डूब गया। इस पर अन्य बालक घबरा गए और उन्होंने उसके घर आकर मामले की सूचना दी।
परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्होंने कड़ी मशक्कत कर निक्की को तालाब से बाहर निकाला, तब वह बेहोश था। उसे गांव के ही एक चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। हादसे से मृतक के घर में कोहराम मच गया है। कोतवाल प्रदीप विश्नोई ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बालक की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। संवाद