अप्सरा नदी के पास लगी भीड़ व मौजूद पुलिस । स्रोत - ग्रामीण
रील बनाते समय बुधवार को डूब गया था नदी में
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरिया (पीलीभीत)। रील बनाते समय अप्सरा नदी में डूबे युवक का शव घटनास्थल से दस किलोमीटर की दूरी पर बरामद कर लिया गया है। सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
उत्तराखंड के रुद्रपुर की एक प्लाईबोर्ड फैक्टरी में काम करने वाले रामपुर जिले के कस्बा मिलक निवासी धीरज मिश्रा, बीसलपुर निवासी विपिन कुमार, ग्राम परेवा वैश्य निवासी नेतराम मौर्य की पुत्री अंजली मौर्य एवं जिला गाजीपुर के थाना गहमर क्षेत्र के गांव खुदरा पथरा निवासी सुरेश पासवान का पुत्र सत्यम गांव परेवा वैश्य में 21 फरवरी को एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने निकले थे।
सभी अमरिया क्षेत्र के नहर मार्ग पर पौटा डाम पर बने अप्सरा नदी के पुल के नीचे उतर कर नदी के बहाव के किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने लगे थे। इस दौरान सत्यम का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। साथियों ने सत्यम को निकालने का प्रयास किया लेकिन तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद युवक की तलाश की गई पर कोई सुराग नहीं लगा।
रविवार को युवक का शव पांचवें दिन घटनास्थल से लगभग दस किलोमीटर दूर निसरा गांव के श्मशानघाट के पास बह रही अप्सरा नदी से बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।