जितेंद्र कुमार अग्रवाल फाइल फोटो ।
पूरनपुर (पीलीभीत)। साथी को मोबाइल देकर कुछ देर बाद आने की बात कहकर लापता हुए खाद व्यापारी सुधीर कॉलोनी निवासी जितेंद्र कुमार अग्रवाल पप्पू (57) का शव दूसरे दिन हरदोई ब्रांच नहर में मिला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जितेंद्र कुमार गुप्ता पिछले तीन साल से घर से खाद का व्यापार कर रहे थे। वह शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने छोटे पुत्र को गांव घाटमपुर निवासी जगदीश सिंह और रंपुरा निवासी सचिन के साथ जाने की जानकारी देकर निकले थे। दोपहर 2:30 बजे छोटे पुत्र उत्कर्ष ने खाना खाने के लिए फोन किया तो कॉल सचिन ने रिसीव की।
शाम तक जितेंद्र का सुराग न लगने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। रविवार शाम करीब 5:30 बजे व्यापारी जितेंद्र गुप्ता का शव हरदोई ब्रांच नहर में टूटा पुल के पास मिला। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि पूछताछ पर सचिन ने बताया कि शनिवार को जितेंद्र उसके साथ हरदोई ब्रांच पर असम हाईवे मार्ग के पुल के समीप बाइक से गए थे।
दोनों ने वहां बैठकर चाट खाई। इसके बाद जितेंद्र ने अपना मोबाइल उसे देकर कुछ देर में आने को कहा। करीब ढाई घंटे तक जितेंद्र के न लौटने पर उसने इसकी सूचना जितेंद्र के पुत्र को दी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अब कुछ कहा जा सकता है। 00
-
14 साल पहले बीमारी से पत्नी की हुई थी मौत
जितेंद्र अग्रवाल के परिवार में पुत्र अंकुर अग्रवाल, उत्कर्ष अग्रवाल और पुत्री प्रिंसी अग्रवाल है। प्रिंसी और अंकुर की शादी हो चुकी है। जितेंद्र अग्रवाल की पत्नी नीलम अग्रवाल का करीब 14 साल पहले बीमारी से निधन हो गया था।