पीलीभीत। खेत की रखवाली करने गए किसान का शव संदिग्ध हालात में उसके ही खेत में पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कोतवाली दियोरिया क्षेत्र के गांव नौगवां नवीनगर निवासी मोतीलाल ने बताया कि उनके 40 वर्षीय पुत्र राजेंद्र ने गांव के ही एक युवक का खेत बटाई पर ले रखा था। राजेंद्र रोजाना खेत पर देखरेख के लिए जाया करता था। बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे वह घर से खाना खाने के बाद खेत की रखवाली की बात कहकर निकाला था। लगभग ढाई बजे ग्रामीणों ने परिजनों को बताया कि उनका पुत्र खेत पर बेसुध पड़ा है।
जानकारी लगते ही परिजन भी खेत पर पहुंच गए। देखा कि उनके पुत्र की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने मामले की जानकारी दियोरिया पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजेंद्र की दो बेटियां और तीन पुत्र हैं। घटना की जानकारी लगने के बाद से पत्नी व बच्चों को रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।