पोस्टमार्टम हाउस पर खड़े मृतक अर्जुन के परिजन।संवाद
गजरौला/पीलीभीत। फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकले युवक का शव दूसरे दिन रविवार सुबह झोंपड़ी में लटका मिला। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
गजरौला क्षेत्र के विधिपुर गांव निवासी प्यारेलाल ने बताया कि उनका बेटा अर्जुन (20) शनिवार रात आबादी के निकट स्थित खेत पर फसल की रखवाली करने की बात कहकर घर से गया था। रात में वह घर नहीं लौटा। रविवार सुबह वह खेत पर पहुंचे तो रखवाली के लिए डाली गई झोंपड़ी में उसका शव लटका हुआ मिला।
मौके पर अन्य परिजन भी पहुंच गए। परिजनों का कहना है कि झोंपड़ी में शव लटका हुआ था पर युवक के पैर जमीन से लगे हुए थे। पिता ने पुरानी रंजिश के चलते पुत्र की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया की परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई पर अमल किया जाएगा। पिता का कहना है कि अर्जुन की अभी शादी नहीं हुई थी।