पीलीभीत। 16 साल जेल में रहकर हत्या की सजा पूरी कर तीन जनवरी को बरेली जिला जेल से रिहा हुए फरीदपुर के गांव धौरेरा निवासी प्रेम प्रकाश उर्फ पिंकू (35) का शव सोमवार रात बीसलपुर में देवहा नदी में मिला। परिजन ने जेल से ही प्रेमप्रकाश के साथ छूटे भुता गांव के रामवीर पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
प्रेमप्रकाश का शव सोमवार शाम बीसलपुर में लालपुर गांव के पास देवहा नदी किनारे मिला। पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां शव मिला वहां से बरेली के थाना भुुता और फरीदपुर की सीमा भी शुरू होती है। शव मिलने की चर्चा गांवों में आम हो गई। हुलिया की जानकारी मिलने पर प्रेमप्रकाश के परिवार वाले मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां शव की शिनाख्त की।
पीड़ित कुरेंद्र प्रताप ने बताया कि उनका बड़ा भाई प्रेमप्रकाश हत्या के मामले में 2006 से बरेली जिला कारागार में बंद था। प्रेमप्रकाश ने गांव के ही एक युवक की हत्या की थी। 16 साल जेल में रहने के बाद तीन जनवरी को सजा पूरी होने पर वह रिहा हुआ था। प्रेमप्रकाश के साथ बरेली के थाना भुता के गांव सना निवासी रामवीर भी रिहा हुआ था। वह एक अन्य हत्या के मामले में जेल में बंद था।
प्रेमप्रकाश के रिहा होने की जानकारी उसके परिवार को नहीं थी। इधर, रिहाई के बाद घर आने के बजाय प्रेमप्रकाश रामवीर के साथ उसकी रिश्तेदारी में भुता के गांव लालपुर मुड़िया में चला गया। आरोप है कि रामवीर ने रिश्तेदार की मदद से प्रेमप्रकाश की हत्या कर शव नदी में फेंक दिया।
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत होना आया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पिता और बहन-बहनोई मिलाई करने गए, मगर कुछ नहीं बताया
भैयादूज पर बदायूं के बिनावर निवासी प्रेमप्रकाश की बहन कुंती देवी और बहनोई राजकुमार जेल में मिलाई करने गए। उसके कुछ समय बाद पिता दिनेश प्रताप सिंह मिलाई करने गए मगर प्रेम प्रकाश ने कभी किसी को कुछ नहीं बताया। यह तक नहीं बताया कि उसकी कब रिहाई होगी।