कुठिया गुजिया गांव में दो पक्षों के बीच चल रहे जमीन के विवाद में एक पक्ष से 50 हजार रुपये सुविधा शुल्क की मांग करने के आरोप में फंसे हजारा थाने के दरोगा राकेश सिंह को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। सुविधा शुल्क की मांग का ऑडियो वायरल होने पर कार्रवाई की गई। पूरे मामले की जांच सीओ पूरनपुर अनुराग दर्शन को दी गई है। हजारा क्षेत्र के गांव कुठिया गुजिया में दो पक्षों के बीच पिछले काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा है। इसमें पहले चकबंदी और बाद में राजस्व टीम ने पैमाइश की। इसके बावजूद विवाद का निपटारा नहीं हो सका था। इसी मामले में आरोप है कि एक पक्ष से हजारा में तैनात दरोगा राकेश सिंह ने उसके पक्ष में फैसला कराने के लिए 50 हजार रुपये की मांग कर दी। सुविधा शुल्क मांगने की ऑडियो दो दिन पहले अचानक सोशल साइट्स पर वायरल कर दी गई। जिसके बाद मामला एसपी के संज्ञान में आया। इसकी थाना पुलिस से जानकारी जुटाई गई। ऑडियो क्लिप प्राप्त होने के बाद एसपी देवरंजन वर्मा ने सख्ती की। एसपी ने बताया कि दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। अगर दरोगा पर लगे आरोप सही पाए गए तो सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।