पीलीभीत। यातायात नियमों का यहां जमकर उल्लंघन किया जा रहा है। चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के सामने ही अवैध रूप से डग्गामारी होती है। बावजूद इसके जिम्मेदार कार्रवाई करने से कतराते है।
नियमों का पाठ पढ़ाने के लिए जिम्मेदार प्रचार-प्रसार में कोई कसर नहीं छोड़ते है, मगर धरातल पर इसका असर एक-दो दिन ही रहता है। इसके बाद हालात जस के तस हो जाते हैं। सोमवार को दिन में करीब 11:55 बजे नौगवां चौराहे पर सिर्फ एक होमगार्ड ड्यूटी पर तैनात था। ट्रैफिक कर्मी नदारद थे।
मुख्य सड़क पर तीन से चार बसें खड़ी थीं। आगे व पीछे ईको कार चालक सवारियां बैठा रहे थे। यही नियमों के विपरीत 11 सवारियां तक बैठाई जा रहीं थी। ऐसे में चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई थी।
असम चौराहे पर दिन में 12:17 मिनट पर एक ऑटो चालक पहुंचा और चौकी पुलिस के सामने ही ऑटो खड़ाकर सवारियां बैठाने लगा। बावजूद इसके उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
चौराहों पर डग्गामार वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जा रहा है। जिन जगहों पर ऐसा हो रहा है, वहां कार्रवाई की जा रही है।
- राघवेंद्र सिंह, टीएसआई
पीलीभीत का नौगवा चौराहा।संवाद