पूरनपुर (पीलीभीत)। मुजफ्फरनगर कोर्ट में हाजिर हुए डकैत को बुधवार को पीलीभीत कोर्ट में पेश किया जाना था, मगर कांवड़ यात्राओं में व्यस्तता के चलते मुजफ्फरनगर पुलिस उसे नहीं ला सकी।
मैगलगंज हाईवे पर नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर गांव रंपुरा में आबादी से दूर परिवार सहित रहने वाले किराना व्यापारी सुनील गुप्ता के परिजनों को 30 जनवरी की शाम को पांच डकैतों ने बंधक बनाकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण सहित 25 लाख रुपये का माल लूट लिया था।
पुलिस ने सुनील गुप्ता की ओर से पांच अज्ञात डकैतों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने घटना का खुलासा कर 28 मार्च को तीन डकैतों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका साथी मुजफ्फरनगर के किदवई नगर खाला पार निवासी शहजाद उर्फ गब्बर भाग गया।
शहजाद उर्फ गब्बर चार जून को मुजफ्फरनगर की कोर्ट में हाजिर हो गया। जिसे पुलिस ने कोर्ट से तीस जून को 30 घंटे के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर 20 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किया।
पांचवें और मुख्य आरोपी डकैत मुरादाबाद के बगिया वाला पीपल सदना भोजपुर मोईन उर्फ मोवीन की पुलिस तलाश कर रही थी। वह भी सात जुलाई को मुजफ्फरनगर कोर्ट में पुराने डकैती के मामले में जमानत तुड़वाकर कोर्ट में हाजिर हो गया।
कोतवाल राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मुजफ्फरनगर कोर्ट में हाजिर हुए मोवीन का वारंट दाखिल किया जा चुका है। मुजफ्फरनगर पुलिस को उसे 24 जुलाई को पीलीभीत कोर्ट में लाना था, लेकिन वह नहीं लाया जा सका।
कोतवाल ने बताया कि मुजफ्फरनगर के आरआई से मोबाइल पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्राओं में व्यस्तता के चलते ऐसा हुआ।