बीसलपुर (पीलीभीत)। वन विभाग की जांच में स्पष्ट हुआ है कि शनिवार को मगरमच्छ की पीट-पीट कर हत्या दियोरिया रेंज में नही बल्कि शाहजहांपुर की खुटार रेंज में की गई थी।
शाहजहांपुर के गांव बरी बरा निवासी धीर सिंह ने शनिवार को दियोरिया रेंंज कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कहा था कि उनके गांव के चार शिकारी पिछले काफी समय से वन विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों से मिलीभगत कर दियोरिया के जंगल में वन्य प्राणियों का शिकार कर रहे हैं। उन्हीं लोगों ने शनिवार को सुबह 10 बजे दियोरिया के जंगल में तालाब के किनारे एक मगरमच्छ को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला और साक्ष्य छिपाने के लिए उसका शव तालाब में डाल दिया।
शिकायती पत्र मिलते ही दियोरिया रेंज की टीम जांच करने के लिए मौके पर गई। जांच मेंं स्पष्ट हुआ है कि घटनास्थल दियोरिया रेंज में नहीं बल्कि शाहजहांपुर की खुटार रेंज में है। रेंजर एलएस दीक्षित ने बताया कि जांच रिपोर्ट डीएफओ को भेज दी गई है।