कस्बे केे तालाब में पहुंचा मगरमच्छ, हड़कंप
बारिश शुरू होते ही जिले में मगरमच्छ निकलना शुरू हो गए हैं। कस्बे की नई बस्ती के निकट स्थित तालाब में सुबह मगरमच्छ का एक बच्चा आ गया। इसकी सूचना पर पहुंची वनविभाग की टीम ने उसे पकड़कर माला नदी में छुड़वा दिया। कस्बे में थाने के सामने स्थित जुबैदा स्कूल के पास ही रामपाल का तालाब है। इस तालाब में सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों ने मगरमच्छ का एक बच्चा देखा। कुछ ही देर में इसकी सूचना कस्बे में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग उसे देखने पहुंच गए। इस बीच सूचना मिलने पर वनविभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वनरक्षक मुस्तका ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़कर तालाब से बाहर निकाला। उसकी उम्र लगभग एक साल बताई जा रही है। पकड़े गए मगरमच्छ के बच्चे को बाद में महोफ व माला रेंज के गुजरने वाली माला नदी में छुड़वा दिया गया। यहां बता दे कि बरसात के समय तालाबों व शहर किनारे बहने वाली खकरा नदी में अक्सर मगरमच्छ दिखते हैं जो कभी कभार पानी से बाहर आकर आबादी में भी घुस जाते हैं।