चुनाव में दाखिल जाति प्रमाणपत्र जांच में फर्जी पाए जाने के मामले में दोनों जिला पंचायत सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिला पंचायत सदस्यों पर यह कार्रवाई डीएम के आदेश पर की गई है। जिला पंचायत के वार्ड एक से रालोद के प्रांतीय उपाध्यक्ष मंजीत सिंह व वार्ड दो से गुरमीत सिंह मल्ली विजयी हुए थे। दोनों सदस्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षित सीट से चुनाव लड़े थे। इसमें दोनों ने पिछड़ी जाति का जो प्रमाणपत्र संलग्न किया था उसे फर्जी बताकर पूरनपुर निवासी वसीम वेग ने एसडीएम से शिकायत की थी। इसपर डीएम के आदेश पर पहले एसडीएम पूरनपुर और बाद में तीन सदस्यीय टीम ने इसकी जांच की थी। दोनों जांचों में प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया था। जांच रिपोर्ट मिलने के डीएम ने दोनों के खिलाफ एफआईआर के आदेश पूरनपुर तहसीलदार को दिए थे। हालांकि जिला पंचायत सदस्य एवं रालोद के प्रांतीय उपाध्यक्ष मंजीत सिंह ने प्रशासन को पत्र देकर प्रत्यावेदन प्रस्तुत करने को एक सप्ताह की मोहलत मांगी थी लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। शनिवार को पूरनपुर तहसीलदार कुंवर बहादुर सिंह ने पूरनपुर कोतवाली में दोनों के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने दोनों जिला पंचायत सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।