सोमवार की रात नकब लगाकर चोरों ने गांव धनेगा निवासी नवाब के घर पंद्रह हजार रुपये की नगदी समेत हजारों रुपये के जेवरात और कपड़े आदि चोरी कर ली। इसके अलावा चोरों ने नगर में एक वर्कशाप के ताले तोड़कर अल्टीनटर, टूल वाक्स आदि जबकि गांव जोगराजपुर में प्रमोद कुमार के लोहिया आवास से सौर ऊर्जा का पैनल चोरी कर लिया। सूचना के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एक ही रात में शहर के तीन स्थानों से हुई चोरी तथा पुलिस द्वारा घटना की रिपोर्ट दर्ज न करने से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।
गांव बसंतपुर नौनेर निवासी रंजीत सिंह की नगर में पीलीभीत रोड पर वर्कशाप है। चोरों ने रात वर्कशाप के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी रंजीत सिंह के मंगलवार को सुबह वर्कशाप पर पहुंचने पर हुई। रंजीत सिंह ने बताया कि चोर उसकी दुकान से अल्टीनेटर, टूल बाक्स, लोहा आदि हजारों का सामान चुरा ले गए। चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। व्यापारी नेता हाजी लाडले ने बताया कि वर्कशाप स्वामी ने आरोपी चोर को चीनी मिल के समीप पकड़कर पुलिस को बुलाया भी। आरोप है कि पुलिस के मौके पर न पहुंचने पर आरोपी भाग गया। व्यापारी नेता ने चोरी की घटना पर रोष व्यक्त किया है।
जोगराजपुर। सेहरामऊ उत्तरी के गांव धनेगा निवासी नवाब के घर रात चोरों ने नकब लगाकर घटना का अंजाम दिया। नवाब ने बताया कि घटना की जानकारी सुबह आंख खुलने पर हुई। उन्होंने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात को घर की छत पर सोए थे। चोर उसके घर से पांच हजार रुपये, कपड़े, ढ़ाई सौ ग्राम चांदी के जेवरात, उसकी पुत्री गुड्डी के बक्सा से दस हजार रुपये की नगदी, सोने के एक तोला के बुंदा आदि सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि घटना की तहरीर गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी पर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके अलावा जोगराजपुर निवासी प्रमोद कुमार के लोहिया आवास में लगी सौर ऊर्जा का पैनल चोर चुरा ले गए।